मनासा। रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव अरनिया ढाणी में गुरुवार को एक विवाह समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे साउंड वाहन के अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस जाने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान बापूलाल पिता मांगीलाल मेघवाल (45 वर्ष), निवासी देथल के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरनिया ढाणी निवासी मनोहरलाल मेघवाल के यहां संजीत कार्यक्रम में बारात आई हुई थी। बारात के साथ चल रहा डीजे साउंड पिकअप वाहन अचानक ब्रेक फेल होने से असंतुलित हो गया और भीड़ में जा घुसा। इसी दौरान बापूलाल मेघवाल वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तेज डीजे साउंड के कारण लोग समय रहते खतरे को समझ नहीं पाए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने घायल बापूलाल को मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुरुवार शाम करीब 5 बजे मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम मनासा शासकीय अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।