जयपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत प्रथम चरण पूर्ण होने के बाद 16 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 17 दिसंबर दोपहर 3 बजे से 18 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक कुल 46 दावे और 2 आपत्तियां प्राप्त हुईं, जबकि 28,307 युवाओं ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण हेतु आवेदन किया है।
प्रारूप मतदाता सूची सीईओ राजस्थान की वेबसाइट तथा सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पुनर्गठन के बाद प्रदेश में अब 61,404 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी सूचियां उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
नव मतदाता ECINET ऐप, Voters Portal या BLO के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। सहायता के लिए हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुनर्गठन के कारण मतदाताओं की भाग संख्या एवं क्रम संख्या बदल गई है, जिसे अब EPIC नंबर के माध्यम से ECINET ऐप या वोटर सर्विस पोर्टल पर देखा जा सकता है।