शाजापुर। शुजालपुर नगर पालिका द्वारा गरीब परिवारों को उनके वर्षों पुराने झोपड़ी आवासों से हटाए जाने के विरोध में गुरुवार को भीम आर्मी-आज़ाद समाज पार्टी के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
शुजालपुर निवासी गोविंद अहिरवार सहित अन्य गरीब परिवारों ने बताया कि वे विगत कई वर्षों से झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे हैं। नगर पालिका द्वारा उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनके सामने आवास का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में अस्वच्छ धंधे के लिए उन्हें भूमि आवंटित की गई थी, इसके बावजूद अब उन्हें हटाया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर बैठकर कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आज़ाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश गोयल ने कहा कि यदि गरीब परिवारों का आशियाना छीना गया तो शुजालपुर नगर पालिका का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की भी मांग की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश गोयल के साथ अजय अहिरवार, नितिन सौराष्ट्रीय, राहुल लुभाना, कमल मोबिन, रामप्रसाद सूर्यवंशी, रज्जाक खान, महेश गंगवाल, रवि लुभाना सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।