नीमच। शहर के शिवघाट के पास गुरुवार को एक गाय रेलवे पटरी पर हादसे का शिकार हो गई। दो ट्रेनों की एक साथ क्रॉसिंग के दौरान यह घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, गाय ने नीमच की ओर से आ रही ट्रेन से खुद को बचा लिया, लेकिन तभी रतलाम से आ रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर से गाय गंभीर रूप से घायल होकर पुलिया के नीचे गिर गई। टक्कर में गाय का पैर, सींग और जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गौ-सेवक मितेश अहीर मौके पर पहुंचे और घायल गाय का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, देर शाम तक गाय की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और वह उठने में असमर्थ रही। आवारा कुत्तों के हमले का खतरा देखते हुए गो-सेवकों ने जयसिंहपुरा के ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
युवाओं ने घायल गाय को दुर्गम स्थान से लगभग पचास फीट की दूरी तय करके सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद रात को एम्बुलेंस के जरिए गाय को इलाज के लिए गो-शाला पहुंचाया गया।
इस बचाव कार्य में मितेश अहीर के साथ चिन्मय प्रजापति, पार्थ जोशी, गोलू बैरागी, दीपक धाकड़, विशाल बैरागी, युवराज माली, अर्जुन और लक्ष्मीनारायण ठाकुर का विशेष सहयोग रहा।