इंदौर/उज्जैन। अखिल भारतवर्षीय नाथ संप्रदाय की वर्षों पुरानी मांग को लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता अमित अजीत जोगी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने सविनय आग्रह किया है कि उज्जैन स्थित महाकाल लोक परिसर में नाथ संप्रदाय के आदि गुरु, महायोगी भगवान गुरु गोरखनाथ जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए।
साथ ही, देश के सबसे स्वच्छ एवं मेट्रो सिटी के रूप में पहचान बना चुके इंदौर में स्थित बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन का नामकरण भी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर किए जाने की मांग रखी गई है।
अमित जोगी छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी के सुपुत्र हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर अजीत जोगी जी के सपनों का शहर रहा है, वहीं यही नगर उनके स्वयं के बचपन की स्मृतियों से भी जुड़ा है। अमित जोगी पूर्व विधायक एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों पर लगातार सक्रिय हैं।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज, इंदौर के पदाधिकारियों ने जबलपुर से प्रकाशित लाला रामस्वरूप रामनारायण पंचांग 2026 में गुरु गोरखनाथ जी के प्रकट उत्सव के अवसर पर उनके दिव्य चित्र के प्रकाशन के लिए पंचांग संपादक के प्रति आभार व्यक्त किया।
अमित जोगी ने कहा कि गुरु गोरखनाथ जी योग के आदि जनक, राजा भरथरी के गुरु, भगवा परंपरा के प्रेरणास्रोत तथा भारत की महान आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जब योग दिवस जैसे आयोजनों पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं, तो योग के आदि गुरु को स्थायी और यथोचित सम्मान देना समय की आवश्यकता है।
नाथ संप्रदाय ने मुख्यमंत्री से विनम्र आग्रह किया है कि इस मांग को स्वीकार कर संत परंपरा के सम्मान और संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाए।