प्रतापगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जिले भर में 101 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बस स्टैंड स्थित श्रीराम वाटिका में जिला एवं सभी सात खंडों- अवलेश्वर, देवगढ़, पिपलखुट, दलोट, अरनोद, धारियावद एवं प्रतापगढ़ नगर के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित खंडों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में जिला कार्यवाह प्रह्लाद सिंह ने संघ द्वारा निर्धारित पांच परिवर्तन पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध, नागरिक शिष्टाचार एवं सामाजिक समरसता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इन सभी मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं को शपथ भी दिलाई।
बताया गया कि जिले भर में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलनों में इन पांच परिवर्तनों की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी। सभी खंडों को सम्मेलन स्थल, तिथि एवं व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। यह जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख विकास शर्मा ने दी।