मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर के भंडार में शनिवार को तीसरे राउंड की काउंटिंग पूरी हुई। तीसरे दिन कुल 5 करोड़ 47 लाख 25 हजार रुपए की दान राशि गिनी गई। इस राउंड की गिनती राजभोग आरती के बाद शुरू हुई और शाम तक चलती रही। इसके साथ ही तीनों राउंड की कुल गिनती 22 करोड़ 30 लाख 85 हजार रुपए तक पहुंच गई है।

बता दें कि पहले राउंड में 12 करोड़ 10 लाख रुपए और दूसरे राउंड में 4 करोड़ 73 लाख 60 हजार रुपए की गिनती हो चुकी है।

पहले राउंड में निकली 12 करोड़ से ज्यादा की राशि
श्री सांवलिया जी मंदिर में गुरुवार को परंपरागत विधि-विधान के साथ भंडार खोला गया था। भंडार खुलते ही मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और उत्सुकता देखने को मिली। पहले राउंड की गिनती में ही 12 करोड़ 10 लाख रुपए की बड़ी राशि निकली थी।

इसके बाद दूसरे राउंड में 4 करोड़ 73 लाख 60 हजार रुपए की काउंटिंग हुई। दोनों राउंड के बाद कुल राशि 16 करोड़ रुपए से अधिक हो चुकी थी। तीसरे राउंड के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा और भी बढ़ गया।

सीसीटीवी कैमरे से रखी गई नजर
भंडार की काउंटिंग प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। मंदिर प्रशासन, कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में गिनती की गई। नोटों की गिनती, रिकॉर्ड तैयार करने और राशि को सुरक्षित रखने के लिए तय नियमों का पालन किया गया। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में हुई, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

अगली गिनती सोमवार को होगी
तीसरे राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद अब अगली गिनती सोमवार को की जाएगी। ऐसे में श्रद्धालुओं और आमजन की नजरें फिर से भंडार से निकलने वाली राशि पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि आगे की काउंटिंग में भी अच्छी खासी दानराशि सामने आ सकती है।
