खनियांधाना। आस्था, श्रद्धा और समर्पण का एक अनूठा दृश्य शनिवार की रात खनियांधाना के टेकरी सरकार मंदिर प्रांगण में देखने को मिला। अवसर था तृतीय श्री श्याम भजन महोत्सव का, जहाँ बाबा श्याम के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। महोत्सव के लिए बाबा का भव्य दरबार सोने जैसी चमक और सुगंधित फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में जब प्रसिद्ध भजन गायक श्रेया श्रद्धा तिवारी और रजत शर्मा ने अपनी सुमधुर आवाज में ओ सांवरे... ओ सांवरे... और एक आस तुम्हारी है, विश्वास तुम्हारा है जैसे भजनों का आगाज किया, तो पूरा पंडाल झूम उठा। हजारों की संख्या में मौजूद भक्तों ने अपने मोबाइल की लाइट जलाकर बाबा की अगवानी की, जिससे पूरा परिसर भक्तिमयी रोशनी से नहा उठा।
महोत्सव के दौरान श्री श्याम परिवार द्वारा की गई पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा और छप्पन भोग की व्यवस्था ने कार्यक्रम को दिव्य बना दिया। खनियांधाना सहित आसपास के इलाकों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने ज्योति दर्शन किए और देर रात तक भक्ति की इस गंगा में डुबकी लगाई। आयोजकों के अनुसार, इस भव्य आयोजन का उद्देश्य नगर में सुख-समृद्धि और शांति का संदेश फैलाना है।