मंदसौर। जिले के पिपलिया मंडी में शनिवार दोपहर एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर नगर परिषद के फायर फाइटर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना पिपलिया मंडी में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर हेमंत अग्रवाल के गोदाम में हुई। आग लगने के बाद गोदाम से घना धुआं उठने लगा, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शुरुआत में दुकानदार ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन धुएं की अधिकता के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने फायर फाइटर के साथ मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को नियंत्रित किया गया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में पुरानी वाशिंग मशीन सहित इलेक्ट्रॉनिक आइटम और अन्य सामान रखा हुआ था। आग से कुछ सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से बड़े नुकसान से बचा जा सका।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।