देवरी खवासा। गांव देवरी खवासा में युवा मित्र मंडल द्वारा सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया है। मंदिरों के साथ-साथ अब ग्रामीण अपने-अपने निवास पर भी सुंदरकांड का आयोजन कर रहे हैं, जिससे गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण सशक्त हो रहा है।
इस पहल के तहत युवा मित्र मंडल के सदस्य गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर रहे हैं। इसमें युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। घर-घर सुंदरकांड के आयोजन से गांव में भक्ति का माहौल बना है, साथ ही आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता भी मजबूत हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है और युवा पीढ़ी धर्म व संस्कारों से जुड़ रही है। युवा मित्र मंडल की यह पहल अब क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बन चुकी है और अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है।