पिपलियामंडी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पिपलियामंडी कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले भव्य एवं विशाल हिंदू सम्मेलन की तैयारियाँ विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को मंडी बालाजी मंदिर से कृषि उपज मंडी प्रांगण तक पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ भव्य ध्वज रैली निकाली गई। रैली के दौरान पूरे मंडी परिसर में धर्ममय और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
ध्वज रैली में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, समाजजन, मातृशक्ति एवं समाजजन शामिल हुए। हाथों में भगवा ध्वज लिए कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ कार्यक्रम स्थल तक मार्च किया, जिससे नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।
कृषि उपज मंडी प्रांगण में विधिविधान से भूमि पूजन संपन्न कराया गया। पंडितजनों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच हिंदू सम्मेलन कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वर्ष राष्ट्र सेवा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम मे खंड की हिन्दू सम्मेलन समिति मे मार्गदर्शन टोली सदस्य साध्वी सीता बहन जी गुडभेली बड़ी तथा कार्यक्रम संयोजक रूपचंद होतवानी (मंडी व्यापारी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन को समाज को जोड़ने वाला एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने वाला बताया।
कार्यक्रम संयोजक श्री होतवानी ने जानकारी दी कि आगामी हिंदू सम्मेलन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन में राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ जारी हैं। नगर में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और सकारात्मक माहौल बना हुआ है।