नीमच। श्री सांवलिया सेठ भक्त मंडल के तत्वावधान में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना को लेकर शनिवार रात्रि श्री सांवरिया सेठ मंदिर, नीमच सिटी में चतुर्थ भव्य भजन संध्या श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित की गई। रात्रि 8 बजे प्रारंभ हुई भजन संध्या देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रही, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भजन संध्या में इंदौर के सुप्रसिद्ध भजन गायक सावन नागदा, राजस्थान के रतनराव सिहाना तथा जयपुर की तृप्ति लड्डा ने सांवरिया सेठ एवं खाटू श्याम बाबा पर आधारित मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए और पूरे परिसर में जयकारों की गूंज सुनाई दी।
इस अवसर पर खाटू श्याम बाबा की अलौकिक जोत प्रज्वलित की गई तथा छप्पन भोग अर्पित किए गए। सांवरिया सेठ और खाटू श्याम बाबा का विशेष दरबार दिल्ली व कोलकाता से मंगवाए गए फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा एवं आकर्षक साज-सज्जा ने आयोजन को और भी भव्य एवं स्मरणीय बना दिया।
भजन संध्या का समापन महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।