सोनकच्छ। भौरासा बस स्टैंड स्थित पलट भैरू महाराज के दरबार में शनिवार शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। “जय हनुमान ज्ञान गुन सागर, जय कपीस तिहूं लोक उजागर” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
ढोलक-मंजीरा की मधुर धुनों के साथ भजन गायक मनोज राठौर एवं हर्ष पालीवाल (छोटू) व उनकी टीम द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। बस स्टैंड से गुजरने वाले राहगीर भी रुककर भक्ति रस में सराबोर होते नजर आए। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
सुंदरकांड पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया। इस अवसर पर पलट भैरू महाराज के ओटले के निर्माण एवं मंदिर पर टीन शेड लगाने हेतु श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से दान राशि प्रदान की, जिससे शीघ्र ही मंदिर पर टीन सेट का निर्माण किया जाएगा।