नीमच। नीमच जिला मुख्यालय पर 28 दिसंबर को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा प्रस्तावित विशाल शौर्य यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को उपनगर बघाना में बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा अभ्यास शौर्य संचलन निकाला गया।
संचलन का शुभारंभ बघाना स्थित अग्रवाल पंचायत भवन से ‘ध्वज प्रणाम’ के साथ हुआ। घोष की धुन पर कदमताल करते हुए कार्यकर्ता अनुशासित पंक्तियों में हाथों में दंड धारण किए आगे बढ़े। जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। संचलन श्रीराम चौक, फतेह चौक, होली चौक, पुलिस चौकी एवं नया बाजार होते हुए रामदेव बाबा मंदिर पहुंचा।
रामदेव बाबा मंदिर से संचलन पुनः अग्रवाल पंचायत भवन पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
संचलन के समापन के बाद अग्रवाल पंचायत भवन में कार्यकर्ताओं के लिए बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें वक्ताओं ने शौर्य दिवस के इतिहास, संगठन की विचारधारा एवं 28 दिसंबर के मुख्य आयोजन को सफल बनाने का संकल्प दिलाया।