निंबाहेड़ा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर विश्व योग दिवस आध्यात्मिक एवं अलौकिक वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने उपस्थित सभी भाई-बहनों को योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
बीके शिवली दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग हमारे जीवन की एक ऐसी पद्धति है, जिसके माध्यम से हम शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। योग के नियमित अभ्यास से अनेक सूक्ष्म बीमारियों, मानसिक तनाव एवं कमजोरियों से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए शारीरिक योग आवश्यक है, उसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य के लिए राजयोग का अभ्यास अत्यंत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन स्वयं को आत्मा समझकर मन-बुद्धि को एकाग्र कर परमात्मा भोलेनाथ शिव बाबा का ध्यान करने से ईश्वरीय शक्तियों का संचार होता है, जिससे जीवन में आने वाली हर परिस्थिति का सहजता से सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी भाई-बहनों ने सामूहिक योग एवं योग तपस्या कर पूरे विश्व में शांति, सुख एवं पवित्रता के कंपन फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं आध्यात्मिक अनुभूति के साथ सम्पन्न हुआ।