नीमच। झांझरवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मालवा पेट्रो प्राइवेट प्रोडक्ट फैक्ट्री में सोमवार अपराह्न मेंटेनेंस और रिपेयरिंग कार्य के दौरान केमिकल में चिंगारी लगने से आग भड़क उठी। हादसे में चार कर्मचारी झुलस गए।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया। दो कर्मचारियों की हालत सामान्य है और उनका उपचार जारी है, जबकि दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायल कर्मचारियों में सोहेल (पिता नाहर खान), मिट्ठूलाल (पिता जगदीश), लालू (पिता कन्हैयालाल) और रिजवान (पिता सलीम) शामिल हैं।

बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम डांगी घटना स्थल और अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आग लगने के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
