नीमच। लोकल यूथ महासंघ मध्य प्रदेश की नीमच इकाई ने राजस्व विभाग में कार्यरत लोकल यूथ राजस्व सर्वेयरों का कैडर निर्धारित कर उन्हें नियमित रोजगार प्रदान किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
महासंघ ने बताया कि जुलाई 2024 में एमपी भू-अभिलेख पोर्टल के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य के लिए लोकल यूथ सर्वेयरों की ऑनलाइन नियुक्ति की गई थी। इन सर्वेयरों ने कठिन परिस्थितियों में फॉर्मर आईडी, भू-स्वामी आरओआर ई-केवाईसी, फसल क्षति सर्वे, मुआवजा भुगतान तथा वर्तमान में चल रहे एसआईआर कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसके बावजूद हालिया कैबिनेट निर्णय में कुछ कैडर समाप्त किए जाने से लोकल यूथ सर्वेयरों के भविष्य पर संकट उत्पन्न हो गया है। महासंघ ने मांग की है कि लोकल यूथ राजस्व सर्वेयरों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं, नियमित रोजगार व सम्मानजनक मानदेय प्रदान किया जाए, नई अस्थायी नियुक्तियों पर रोक लगाई जाए तथा सभी सर्वेयरों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र जारी किए जाएं।
संगठन ने आगामी विधानसभा सत्र में उनकी मांगों पर निर्णय लेने तथा राज्य-स्तरीय महासम्मेलन आयोजित करने की भी मांग की है।