मंदसौर। शासकीय भूमि पर अवैध ईंट भट्ठों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में सोमवार को ईंट भट्ठा संचालकों व मजदूरों ने गांधी चौराहे पर चक्का जाम किया। सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया। उल्लेखनीय है कि रविवार को नगर पालिका व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अलावदाखेड़ी मार्ग पर करीब 9 हेक्टेयर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया था। इस भूमि पर एसटीबी प्लांट, फायर स्टेशन सहित अन्य परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा व वैकल्पिक भूमि की मांग करते हुए एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। तहसीलदार के अनुसार इस संबंध में बातचीत जारी है। आंदोलन को कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला।