मंडफिया। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में सोमवार को भंडार की चौथे और अंतिम चरण की काउंटिंग पूरी कर ली गई। प्रशासन के अनुसार, चौथे राउंड में 49 लाख 84 हजार 395 रुपए की गिनती हुई। इसके साथ ही चारों राउंड और ऑनलाइन माध्यम से कुल 29 करोड़ 32 लाख 4 हजार 920 रुपए की रिकॉर्ड प्राप्ति दर्ज की गई।
प्रशासन ने बताया कि सोमवार को पूरे दिन चली काउंटिंग प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में, तय नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न हुई। चौथे राउंड में प्राप्त राशि को बंडलवार जांचने के बाद विधिवत रजिस्टर में दर्ज किया गया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने आंकड़ों की पुष्टि की।
चारों राउंड की गिनती के बाद सामने आया कि केवल भंडार से इस माह 22 करोड़ 80 लाख 69 हजार 395 रुपए की प्राप्ति हुई है। वहीं मंदिर कार्यालय, भेंटकक्ष और ऑनलाइन माध्यम से 6 करोड़ 51 लाख 35 हजार 525 रुपए प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल आय 29 करोड़ 32 लाख 4 हजार 920 रुपए रही।
नकद राशि के साथ-साथ मंदिर को बहुमूल्य धातुओं की भी बड़ी प्राप्ति हुई। भंडार से 1250 ग्राम सोना और 44 किलो 400 ग्राम चांदी मिली, जबकि भेंटकक्ष से 535 ग्राम 910 मिलीग्राम सोना और 55 किलो 444 ग्राम चांदी जमा हुई। इसके अतिरिक्त विदेशी मुद्रा और चेक भी प्राप्त हुए हैं, जिन्हें नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष इसी अमावस्या पर खुले भंडार से करीब 17 करोड़ 73 लाख रुपए तथा ऑनलाइन और भेंटकक्ष से 5 करोड़ 38 लाख रुपए की प्राप्ति हुई थी। इस बार चौथे और अंतिम राउंड की काउंटिंग के साथ कुल आय पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक दर्ज की गई है।