सेगांव। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खो-खो में उम्दा प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी अक्षत को इंदौर दशोरा पंच समिति, अन्नकूट समिति एवं नवयुवक मंडल ने सम्मानित किया। दशोरा समाज इंदौर द्वारा आयोजित 16वां अन्नकूट महोत्सव रविवार को मुकुट मांगलिक परिसर, गुमास्ता नगर, इंदौर में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद निवर्तमान महिला मंडल अध्यक्ष रमा गुप्ता का विदाई अभिनंदन किया गया तथा नवनिर्वाचित महिला मंडल अध्यक्ष रजनी अरविंद सुगंधी और पुनर्निर्वाचित नवयुवक मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता का स्वागत हुआ। नवयुवक मंडल अध्यक्ष ने सभी समाज बंधुओं का स्वागत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में समस्त क्षेत्रीय मंडलों के पदाधिकारियों के सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके बाद समाज के प्रतिभावान खिलाड़ी अक्षत सहित शिक्षा और संगीत के क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान दिया गया। अंत में तीनों मंडलों के अध्यक्षों ने अपना उद्बोधन दिया। ठाकुर जी की आरती के बाद सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।आरती के बाद दशोरा पंच सचिव राजेश सुगंधी ने भजन-संगीत कार्यक्रम का सफल संचालन किया, जिससे आयोजन गरिमामय हो गया। सभी समाज बंधुओं को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए इंदौर दशोरा पंच, दशोरा नवयुवक मंडल एवं दशोरा महिला मंडल की ओर से हार्दिक आभार व धन्यवाद प्रकट किया गया।