उज्जैन। मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने उज्जैन जिले के नागदा थाना प्रभारी निरीक्षक अमृतलाल गवली द्वारा प्रदर्शित तत्परता, साहस और संवेदनशीलता की सराहना की है। रात्रि गश्त के दौरान एक युवक के फांसी लगने की सूचना मिलते ही निरीक्षक गवली तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए युवक को सीपीआर देकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
समय रहते उपचार मिलने से युवक की जान बच गई और वह अब सुरक्षित बताया जा रहा है। इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने निरीक्षक अमृतलाल गवली को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन करने के आदेश जारी किए हैं।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक गवली का यह कार्य पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे यह संदेश जाता है कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बल्कि मानवीय मूल्यों की भी संवाहक है।