चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ाद-छोटीसादड़ी युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले “उदय खेल महोत्सव 2026” के अंतर्गत प्रस्तावित आठ दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को पोस्टर विमोचन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता 28 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निंबाहेड़ा के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।
पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने प्रतियोगिता के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर कांग्रेस संगठन, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त जरिया है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि उदय खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजक युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई परिवार को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई प्रतिनिधियों ने बताया कि इस आठ दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न प्रतिभाशाली टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और खेल भावना के अनुरूप किया जाएगा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु खेल से जुड़े विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि उदय खेल महोत्सव 2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा, अपराध और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखते हुए खेलों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है। यह आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और सौहार्द को भी सुदृढ़ करेगा।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाषचंद्र शारदा, क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ कोषाध्यक्ष मनोज पारख, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, जिला कांग्रेस महासचिव भोपराज टांक, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत जाट, नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोमिल चौधरी, विधानसभा एनएसयूआई अध्यक्ष दीपक धाकड़, नगर एनएसयूआई अध्यक्ष राहुल सेन, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।