प्रतापगढ़। जिले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि 31 दिसंबर की रात कोतवाली थाना के अधिकारी दीपक बंजारा अपने कुछ पुलिसकर्मियों और नर्सिंग छात्रों के साथ कांग्रेस पार्षद साकिर शेख के पिता हामिद शेख के घर घुसे और सो रहे परिवार पर हमला किया। पीड़ित परिवार ने दावा किया कि पुलिस ने जबरन दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और हथियारों से हमला किया। घटना से शहर में हड़कंप मच गया और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
सीसीटीवी फुटेज में खुली पोल-
घटना के बाद आए सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस की कहानी पर सवाल खड़ा कर दिया। फुटेज में कुछ लोग हथियार लिए घर के बाहर घूमते दिख रहे हैं। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें शराब के नशे में साथ लाया। फुटेज में पुलिसकर्मियों को पीड़ित हामिद शेख की जेब में मोबाइल रखकर वीडियो बनाते भी देखा गया, जिससे यह आशंका बढ़ी कि झूठे सबूत तैयार किए जा रहे थे। पीड़ित परिवार ने बताया कि पुलिस ने घर का सीसीटीवी डीवीआर भी जब्त कर लिया, लेकिन पड़ोस के कैमरों से सच्चाई उजागर हो गई।
परिवार की आपबीती-
कांग्रेस पार्षद साकिर शेख ने बताया कि हमला होने से लोकेश शर्मा और हामिद शेख गंभीर रूप से घायल हुए। उनके हाथ-पांव में फ्रैक्चर हो गया। घायल परिवार को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उदयपुर रेफर किया गया। परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस इस कार्रवाई को NDPS दबिश बता रही है।