नीमच। पिपलिया मंडी के तीन फोटोग्राफर युवकों को इंस्टाग्राम के माध्यम से फोटोशूट का झांसा देकर नीमच बुलाया गया और उनके साथ लूटपाट की कोशिश की गई। पीड़ितों में पिपलिया मंडी निवासी गौरव पाटीदार, विजय पाटीदार और विजय श्रीमाल शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार आरोपियों ने युवकों को कुछ राशि एडवांस भी दी और मऊ रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास बुलाया। वहां से अन्य लोकेशन पर जाने का दबाव बनाया गया, लेकिन युवकों को संदेह हुआ और वे नीमच शहर की ओर लौटने लगे।

इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवाओं ने उनका पीछा किया। भगवानपुरा चौराहा पर आरोपियों ने उन्हें रोककर धारदार हथियार से मारपीट की, वाहन के कांच तोड़े और मोबाइल व अन्य सामान छीनने की कोशिश की।

पीड़ित युवकों ने सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
