मंदसौर। जिला नगर थाना पुलिस ने ग्राम दौलतपुर स्थित 24 बीघा भूमि से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दाखीबाई पति हरिराम निवासी डिब्बीपुरा धान मंडी एवं राधेश्याम पिता हरिराम निवासी डीपी पूरा धान मंडी ने आपसी षड्यंत्र के तहत भूमि की फर्जी रचना कर दस्तावेज तैयार किए और धोखाधड़ीपूर्वक रजिस्ट्री करवा दी।
इस मामले में फरियादी हातिम पिता शूजाउद्दीन कोठावाला बोहर निवासी बोहरा बाखल ने जिला नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 एवं 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के अनुसार आरोपियों द्वारा फर्जी एग्रीमेंट तैयार किया गया था, जबकि संबंधित भूमि वास्तव में फरियादी को बेची ही नहीं गई। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। आरोप प्रमाणित होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।