मनासा। मनासा-कंजार्डा मार्ग पर स्थित जंगल क्षेत्र में देर रात फाइनेंस कंपनी में कार्यरत एक युवक पर बदमाशों ने लूट के इरादे से जानलेवा हमला कर दिया। घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कड़ी खुर्द निवासी किशोर पिता मनोहर लाल गुर्जर पर अज्ञात बदमाशों ने लाठी से हमला किया। हमले के बाद युवक किसी तरह अपनी मोटरसाइकिल से जान बचाकर कंजार्डा गांव पहुंचा। हमलावर भी उसका पीछा करते हुए कंजार्डा पहुंचे।

कंजार्डा पहुंचने पर किशोर गुर्जर ने ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना में शामिल चार बदमाशों में से दो मौके से फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है। युवक को चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया गया।
