नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली चंद्रावत में सोमवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान विवेक पिता शंभूलाल रावत निवासी सेमली चंद्रावत के रूप में हुई है। वह अपने घर के समीप स्थित बाड़े में बने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा-
मंगलवार सुबह सिटी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मृतक के पिता शंभूलाल रावत ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि विवेक किसी मानसिक दबाव में था और उसकी कॉल डिटेल्स से मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकता है।

कॉल डिटेल्स से खुल सकता है मामला-
पिता के अनुसार, नेवड़ क्षेत्र की एक युवती द्वारा विवाह को लेकर विवेक पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का यह भी कहना है कि जिस समय युवक ने फांसी लगाई, उस समय वह मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जा सके।
