भाटखेड़ा। श्रीमद् भागवत गौशाला में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के आज पांचवे दिन भक्ति और श्रद्धा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कथा वाचक पंडित श्री परसराम शर्मा (केलुखेड़ा वाले) द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप पर आधारित प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं रसपूर्ण अमृत वचन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पंडित शर्मा ने अपने प्रवचन में बाल कृष्ण की लीलाओं, उनके दिव्य स्वरूप एवं भक्तों के प्रति वात्सल्य भाव का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप मानव जीवन में प्रेम, करुणा और निष्कलंक भक्ति का संदेश देता है।
यह श्रीमद् भागवत कथा अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रतिदिन गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर महिलाओं एवं वरिष्ठजनों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीमद् भागवत कथा का यूट्यूब के माध्यम से “नीमच भजन गायक” चौनल पर लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है। जो श्रद्धालु किसी कारणवश कथा स्थल पर उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, वे मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से घर बैठे ही कथा का लाभ ले रहे हैं।
गांव भाटखेड़ा में श्रीमद् भागवत कथा को लेकर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है, वहीं आयोजकों द्वारा व्यवस्था भी सराहनीय की गई है। आगामी दिनों में भी कथा के विभिन्न रोचक और प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।