शाजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में खेल संस्कृति, फिटनेस और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत शाजापुर विधानसभा में गुरुवार 15 जनवरी 2026 को भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह महोत्सव खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हुए “फिट इंडिया – सशक्त इंडिया” की परिकल्पना को साकार करता नजर आया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शाजापुर के खेल मैदान में किया गया, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
विभिन्न खेलों में हुई प्रतियोगिताएं-
जिला खेल अधिकारी रविंद्र हार्डिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत शाजापुर के विभिन्न खेल स्थलों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गांधी हॉल में बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी, स्टेडियम मैदान में मलखंभ, हिंद जूनियर स्कूल मैदान में वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल, शासकीय उत्कृष्ट उमावि मैदान में खो-खो, रस्साकशी, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
शुभारंभ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां-
महोत्सव का शुभारंभ विधिवत सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्या कुंज स्कूल एवं सी.एम. राइज स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। उद्घाटन सत्र में सर्वप्रथम 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान
टीम खेलों में विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः ₹11,000, ₹7,000 एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
व्यक्तिगत खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 की राशि दी गई। साथ ही सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को टी-शर्ट वितरित की तथा विभिन्न खेल मैदानों का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों के प्रेरक संबोधन-
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि
“खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को राष्ट्रीय आंदोलन का रूप दिया है, जिससे ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने उपविजेता खिलाड़ियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि हार निराशा नहीं, बल्कि सफलता की सीढ़ी होती है।
विधायक अरुण भीमावत ने कहा कि शाजापुर की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। खेलों के माध्यम से युवा नशे और भटकाव से दूर रहकर स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बन रहे हैं।भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करते हैं।
ये रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक अरुण भीमावत, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे, नगर अध्यक्ष आशीष नागर, जिला मंत्री उमेश टेलर, जिला उपाध्यक्ष शीतल भावसार, सोनू सोलंकी, एडीएम बी.एस. सोलंकी, एडीशनल एसपी घनश्याम मालवीय, एसडीएम मनीषा वास्कले, सांसद खेल महोत्सव प्रभारी एवं विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित सुदेश सांगते, जयंत जैन, शुभम जाधव, रामचंद्र भावसार, पंकज सोनी, विकास सिंदल, दिलीप त्रिवेदी, आशुतोष श्रीवास्तव, आशीष दवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रेखा पुरोहित एवं मनीष जायसवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष आशीष नागर ने किया।