चित्तौड़गढ़। धर्म, संस्कृति और सनातन चेतना का अद्भुत संगम 17 जनवरी से सेतुमार्ग स्थित रतनबाग में देखने को मिलेगा। सनातन गौरव समिति, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 351 कलशों के साथ निकलने वाली ऐतिहासिक एवं विराट शोभायात्रा से होगा। यह आयोजन न केवल शहर, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी भक्ति और उत्सव का अनुपम वातावरण निर्मित करेगा।
सेतुमार्ग स्थित रतनबाग में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सनातन गौरव समिति के संयोजक प्रवीण टाक ने बताया कि ध्यानयोगी गुरुदेव अनंत विभूषित महामंडलेश्वर उत्तम स्वामीजी महाराज (उत्तम सेवा धाम, बांसवाड़ा) के मुखारविंद से 17 जनवरी से 23 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 3 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन होगा। कथा से पूर्व प्रतिदिन एक कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन पाँच यजमान जोड़े आहुतियाँ अर्पित करेंगे।
समिति के सह-संयोजक शैलेंद्र झंवर ने बताया कि कथा के प्रथम दिवस 17 जनवरी को प्रातः 9.30 बजे छबीला हनुमान जी मंदिर से भव्य कलश एवं शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा राणा सांगा बाजार, नई पुलिया होते हुए रतनबाग पहुंचेगी। शोभायात्रा में 151 से अधिक गांवों से आने वाली प्रभात फेरियों की सहभागिता रहेगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती चलेंगी। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और मंगल वाद्यों की गूंज से संपूर्ण मार्ग भक्तिमय हो जाएगा।
गौरव त्यागी एवं विश्वनाथ टांक ने बताया कि शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, सुसज्जित बग्गियां, केसरिया ध्वज, आकर्षक धार्मिक झांकियां तथा भगवान महाकाल की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह तोरण द्वार, पुष्पवर्षा, आरती एवं स्वागत मंच सजाए जाएंगे। सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मोहल्ला समितियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। केसरिया पताकाओं, दीपों की श्रृंखला एवं पुष्प सजावट से संपूर्ण नगर धर्ममय वातावरण में रंग जाएगा।
कथा स्थल रतनबाग में श्रद्धालुओं के लिए विशाल एवं आकर्षक पांडाल का निर्माण अंतिम चरण में है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक थीम पर सुसज्जित इस पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। भव्य मंच, पुष्प सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, उत्कृष्ट ध्वनि प्रणाली एवं विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु सहज रूप से कथा श्रवण कर सकें। साथ ही महापुरुषों के चित्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। महिलाओं की सहभागिता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी सरस्वती शर्मा एवं लीला आगाल ने साझा की।
पत्रकार वार्ता में भरत जागेटिया, मनोज पारीक, राजन माली, रवि मेनारिया, राजेश लोट, राजकुमार तोलम्बिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस भव्य, ऐतिहासिक एवं दिव्य श्रीमद्भागवत कथा एवं शोभायात्रा में सपरिवार सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करें।