नीमच। खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत नीमच में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 468 युवा खिलाड़ियों ने भाग लेने के लिए पंजीयन कराया है। आयोजन के दौरान मैदान उत्साह, तालियों और नारों से गूंज उठा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में पहले दिन 16 खेल विधाओं में मुकाबले खेले जा रहे हैं। जिला खेल प्रशिक्षक मीनाक्षी सिसोदिया ने बताया कि इनमें खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, योग, जूडो, शतरंज, क्रिकेट, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबॉल, हॉकी सहित अन्य खेल शामिल हैं। वहीं 19 जनवरी को स्विमिंग एवं रेसलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जावद, मनासा एवं नीमच में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी हैं, जिनसे चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुभारंभ अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती और टीम भावना को भी सशक्त बनाते हैं।