नीमच। नगर पालिका द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस फुटबॉल स्पर्धा के अंतर्गत गुरुवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। यह मैच अहीर स्पोर्ट्स और नीमच सिटी टीमों के बीच आयोजित हुआ।

मैच के दूसरे हाफ में लगभग 20 मिनट का खेल शेष रहने के दौरान उस समय विवाद उत्पन्न हो गया, जब नीमच सिटी टीम के एक खिलाड़ी को रेफरी द्वारा रेड कार्ड दिखाया गया। इस निर्णय से असंतुष्ट खिलाड़ी एवं उनके समर्थक मैदान में उतर आए और रेफरी से बहस करने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर कुछ खिलाड़ियों व समर्थकों द्वारा रेफरी से धक्का-मुक्की की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। हालात को देखते हुए तीनों रेफरी मैदान छोड़कर बाहर चले गए, जिसके कारण मैच का निर्णय नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद के समय तक अहीर स्पोर्ट्स टीम एक गोल से बढ़त बनाए हुए थी। घटना के बाद आयोजन समिति द्वारा आगे की कार्रवाई एवं मैच के निर्णय को लेकर विचार किया जा रहा है।
