नीमच। वसंत पंचमी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, बुद्धि और विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना का विशेष पर्व है। इस दिन विद्यार्थी ज्ञान और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए मां सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उक्त विचार भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में आयोजित वसंतोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, हेमंत हरित, सांसद प्रतिनिधि किरण शर्मा तथा महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. मीना हरित मंचासीन रहे। अतिथियों ने छात्राओं को वसंतोत्सव की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. विजया वधवा भी उपस्थित रहीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में परंपरागत रूप से कई वर्षों से वसंतोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है। चित्रकला विभाग द्वारा अपनी कलाओं के माध्यम से सनातन संस्कृति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है।
कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने परिसर में स्थापित मां सरस्वती की भव्य प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। महाविद्यालय के उपवन में चित्रकला विभाग की छात्राओं ने प्रो. ज्योति वर्मा के निर्देशन में हस्तनिर्मित पेंटिंग्स का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्राचार्य द्वारा अतिथियों को छात्राओं द्वारा निर्मित पेंटिंग्स भेंट की गईं।
दिनभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, युगल नृत्य एवं नाटक के माध्यम से अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के निर्णायकों के रूप में रिंकु राठौर, प्रियंका शर्मा एवं रितु धानुका उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. नेहा इंगले के साथ कु. एंजल मित्तल एवं कु. रोहिणी मालवीय ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रश्मि हरित ने आभार व्यक्त किया।
वसंतोत्सव के तृतीय दिवस पर भव्य वसंत मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्राओं द्वारा स्वादिष्ट व्यंजन, खेल एवं अन्य आकर्षक स्टॉल लगाई जाएंगी।