नीमच। वस्त्र व्यवसाय कल्याण संघ समिति, नीमच के निर्णय के अनुसार अब प्रति माह के अंतिम रविवार को शहर में कपड़ा व्यवसाय पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। इसी क्रम में रविवार, 25 जनवरी 2026 को नीमच के समस्त कपड़ा व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।
संघ ने बताया कि यह पहल “एक रविवार परिवार के नाम” अभियान के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य व्यापारियों को परिवार के साथ समय बिताने का अवसर प्रदान करना है। संगठन ने नीमच के सभी कपड़ा व्यापारियों से इस निर्णय का पालन करते हुए अपना प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है।
साथ ही, संस्था की ओर से शहर के ग्राहकों से भी विनम्र आग्रह किया गया है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार कपड़ों की खरीदारी रविवार अवकाश से पहले या बाद में करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह अपील संस्था के संरक्षक जिनेन्द्रजी डोसी, अध्यक्ष दिलीप मोगरा, सचिव दीपक परवानी एवं कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा द्वारा की गई है। यह जानकारी संस्था के प्रवक्ता मुकेश पार्टनर ने दी।