नीमच। खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 12वीं जिला स्तरीय मिस्टर नीमच टॉप-10 बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रतियोगिता के पूर्व ट्रॉफियों का भव्य अनावरण किया गया।
ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम में नगर के समाजसेवी एवं बॉडीबिल्डिंग संगठन के संरक्षक संतोष चोपड़ा, अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, सचिव डॉ. साजिद, कोषाध्यक्ष अर्जुन पंडित, उपाध्यक्ष विक्की छाबड़ा, सहसचिव महबूब खान एवं इमरान खान सहित पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
1 फरवरी को होगा आयोजन-
जिला बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन, नीमच के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 1 फरवरी 2026, रविवार को शहर के हृदय स्थल टाउन हॉल में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ सायं 4 बजे से होगा, जिसमें जिलेभर से लगभग 100 बॉडीबिल्डर अपनी दमदार फिटनेस और आकर्षक फिजिक्स का प्रदर्शन करेंगे।
युवाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित करेगा आयोजन-
आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिले के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल, स्वास्थ्य और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति प्रेरित करते हैं। एसोसिएशन ने जिले के समस्त खेल प्रेमी नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस भव्य खेल आयोजन को सफल बनाएं।