उदयपुर। खेल जगत एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन आलोक स्कूल, सेक्टर-11, उदयपुर में किया गया। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में श्री राम बजरंग दल मेवाड़ की नारी शक्ति प्रदेश अध्यक्ष एवं आर्नोल्ड फिटनेस क्लब, सेक्टर-11 की खिलाड़ी दिशा सिसोदिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 310 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्टेट लेवल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
दिशा सिसोदिया की इस उपलब्धि से पूरे मेवाड़ अंचल में खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर आर्नोल्ड फिटनेस क्लब द्वारा विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उन्हें बधाइयाँ दी गईं।
वहीं श्री राम बजरंग दल मेवाड़ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिशा सिसोदिया को नारी शक्ति की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही धोबी समाज के जिला अध्यक्ष संपत रजक एवं उनकी टीम, शहर के गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों ने भी इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
दिशा सिसोदिया की यह जीत न केवल मेवाड़ बल्कि पूरे राजस्थान की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बन गई है।