चित्तौड़गढ़। 69वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-19 वर्ग) में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में चित्तौड़गढ़ जिले के पाँच खिलाड़ियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
राजस्थान की उपविजेता टीम में शामिल सभी पाँच खिलाड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुरोहितों के सांवता के छात्र हैं। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक जवान सिंह चुंडावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता गुजरात के सोमनाथ में 27 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित की गई।
फाइनल में गुजरात से कड़ा मुकाबला-
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में राजस्थान और गुजरात के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें गुजरात ने राजस्थान को चार गोल के अंतर से पराजित किया। इसके बावजूद राजस्थान टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में सराहनीय रहा। सेमीफाइनल में राजस्थान ने हरियाणा को 25–14 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।
सांवता के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन-
राजस्थान टीम की ओर से पुरोहितों के सांवता के छात्र अंकित अहीर, कमलेश सुथार, दीपक अहीर, कमलेश अहीर एवं गोपाल अहीर ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए राज्य का नाम रोशन किया। टीम के कोच दिलीप चौधरी, टीम मैनेजर भगवान भादू, सहायक कोच शिवराज श्रृंगी एवं दलाधिपति राजेश कुमार ओझा के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने हेतु सांवता से रतन अहीर, द्वारकाप्रसाद गदिया, जगदीश समदानी एवं बद्री जाट प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित रहे।
सांवता के रितेश अहीर का अंतरराष्ट्रीय चयन-
शारीरिक शिक्षक जवान सिंह चुंडावत ने बताया कि इसी विद्यालय के होनहार खिलाड़ी रितेश अहीर का चयन आगामी अप्रैल माह में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्कूल गेम्स हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17) के लिए हुआ है। रितेश का चयन कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान किया गया था और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।