चित्तौड़गढ़। तृतीय उदय खेल महोत्सव- 2026 के अंतर्गत आयोजित दस दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन खेल मैदान पर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। प्रतियोगिता में भाग ले रही विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया।
चौथे दिन राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना एवं छोटीसादड़ी पंचायत समिति के उपप्रधान विक्रम आंजना अल सुबह निंबाहेड़ा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि उदय खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
युवा कांग्रेस व एनएसयूआई ने किया स्वागत-
प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे अतिथियों का निंबाहेड़ा एवं छोटीसादड़ी विधानसभा युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत जाट, नगर अध्यक्ष रोमिल चौधरी, छोटीसादड़ी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुलाब धाकड़, लसड़ावन मंडल अध्यक्ष विक्रम अहीर, केली मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही अरनिया जोशी ग्राम पंचायत सरपंच गजेंद्र पालीवाल, नगर कांग्रेस कमेटी महासचिव दिग्वेंद्र प्रताप सिंह जादोन, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, साजन सोनी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एनएसयूआई की ओर से विधानसभा अध्यक्ष दीपक धाकड़, ब्लॉक अध्यक्ष भंवर सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष राहुल सेन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा खिलाड़ियों और दर्शकों में खेल महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।