नीमच। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के तत्वावधान में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय ग्रामोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश” थीम पर ग्राम छायन में खेल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह आयोजन विकास प्रस्फुटन समिति छायन, सेक्टर क्रमांक-2, विवेकखंड नीमच के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिसमें विकास प्रस्फुटन समिति ने 16000 रूपये की राशि सहयोग में प्रदान की है।
इस टूर्नामेंट में ग्राम पंचायत छायन के पटवारी मंगल सिंह तोमर ने खेलों को प्रोत्साहन देने हेतु ₹5100 की सहयोग राशि प्रदान की। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में छायन बनाम बोरदियाकला के बीच मैच खेला गया, जिसमें बोरदियाकला ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला बोरदियाकला बनाम देवरी के बीच खेला गया, जिसमें बोरदियाकला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता टीम बोरदियाकला को ₹16,000 की प्रथम पुरस्कार राशि प्रदान की गई, वहीं उपविजेता देवरी टीम को ₹8,500 का द्वितीय पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। इनमें ग्राम के पटेल साहब मनोहर सिंह सिसोदिया, ग्राम पंचायत छायन के पटवारी मंगल सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।