नीमच। व्यस्त वीर पार्क रोड स्थित श्री राधिका साड़ी सेंटर पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने इलाके के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दो शातिर युवक साड़ी देखने के बहाने दुकान में घुसे और मौका पाते ही गल्ले से 50 हजार नकदी से भरा पर्स लेकर बाइक से फरार हो गए।
घटना के समय दुकान संचालिका नेहा जोशी की 18 वर्षीय पुत्री अवनी जोशी दुकान संभाल रही थी। पुलिस के अनुसार, बदमाश पहले 300 का दुपट्टा खरीदकर चले गए और कुछ देर बाद वापस लौटे। इस बार उन्होंने 300 की साड़ी दिखाने को कहा। जैसे ही अवनी अंदर गई, दोनों ने दराज में रखी चाबी से गल्ला खोलकर खाकी-भूरे रंग का पर्स पार कर लिया और घटनास्थल से फरार हो गए।
पीड़िता नेहा जोशी ने बताया कि चोरी गई राशि बेटी की इंदौर में एसएससी कोचिंग और हॉस्टल फीस के लिए रखी गई थी। इससे परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।