चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना क्षेत्र के जीवानायक का खेड़ा में अवैध स्मैक पाउडर, एमडीएमए बनाने के रसायन और हथकड़ी देशी शराब रखने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी जगदीश बंजारा (10 हजार रुपए का ईनामी) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 16 जनवरी को थानाधिकारी गंगरार की टीम ने ग्राम जीवानायक का खेड़ा में आरोपी के मकान पर दबिश देकर स्मैक पाउडर, एमडीएमए बनाने के रसायन, हथकड़ी शराब के अलावा लगभग 15 लाख रुपये नकद, 13 एंड्रॉइड और 21 कीपैड मोबाइल, 4 लैपटॉप, इंजन और चेसिस नंबर गोदने की राड, नोट गिनने की मशीन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए थे। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी मामले में संलिप्त होने के बाद लगातार फरार था। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में टीम ने मुखबिर तंत्र के जरिये आरोपी का पता लगाया और दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अनुसंधान जारी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।