नीमच। घनी आबादी वाले बगीचा नंबर 13 क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश रात करीब 3 बजे घर में घुसे और अलमारी तक के ताले तोड़ डाले। घटना से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक किशोर पंजाबी पिता कर्नल सिंह पिछले तीन दिनों से घर पर नहीं हैं और पंजाब गए हुए हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर अलमारी के लॉक भी तोड़े गए और पर्स व अन्य सामान खुला और बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
सुबह करीब 5 बजे मोहल्ले के निवासी अनिल कुमावत जब वहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने घर के टूटे ताले देखे। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। चोरी में कितना माल और नगदी ले जाई गई, इसका खुलासा मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा। घनी आबादी के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।