देवास। उद्योग मंत्री चेतन कश्यप के देवास आगमन पर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई। इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्रीय बजट को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उद्योग मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट युवाओं, उद्योगों और आम जनता के लिए नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह बजट देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उद्योग क्षेत्र को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे ने केंद्रीय बजट को युवाओं और उद्योगों के लिए बेहद लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उद्योग मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवाल निराधार हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में विपक्ष कुछ ठोस नहीं कर पाया, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में भारत विकसित राष्ट्र की श्रेणी में मजबूती से खड़ा होगा।