उज्जैन। आज नगर निगम द्वारा एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम भवन के परिसर में स्थित पांच पीर मजार के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की जेसीबी कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस पूरे मामले की जानकारी नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने देते हुए बताया की पूरा मामला नगर निगम परिसर में स्थित उक्त मजार से जुड़ा है, जहां कुछ विशेष वर्ग के लोगों द्वारा मजार के आसपास लंबे समय से अतिक्रमण कर रखा गया था। इस संबंध में नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
नियमों के अनुसार अतिक्रमण न हटाए जाने पर आज नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई शुरू की। धार्मिक नगरी उज्जैन में चल रही इस कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनें, कई डंपर, नगर निगम के अधिकारी सहित करीब 50 कर्मी मौके पर मौजूद हैं। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों का पुलिस बल एहतियातन तैनात किया गया है।