मंदसौर। शहर के अभिनंदन नगर क्षेत्र में गुरुवार शाम वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका का सौतेला बेटा साहिल और उसका दोस्त सोहेल आरोपी निकले। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार शाम जावरा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल ने पूछताछ में बताया कि पारिवारिक विवाद और आपसी तनाव के चलते उसने दोस्त सोहेल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। कुछ दिन पहले साहिल अजमेर से चाकू खरीदकर लाया था।

गुरुवार शाम करीब साढ़े 5 बजे रुबीना अपने पिता के मदारपुरा स्थित घर से ऑटो में सवार होकर अभिनंदन नगर स्थित किराए के मकान लौट रही थी। घर से लगभग 100 मीटर पहले आरोपियों ने अपाचे बाइक से पहुंचकर उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रुबीना को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को जावरा के हुसैन टेकरी क्षेत्र से राउंडअप कर मंदसौर लाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मंगलवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में प्रयुक्त बाइक और चाकू की बरामदगी सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
