मंदसौर। जिले की दलौदा पुलिस ने लहसुन चोरी की वारदातों में सक्रिय कुख्यात मुल्तानी गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 5 क्विंटल लहसुन भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी शुभम व्यास के नेतृत्व में की गई।
मामला 7 फरवरी 2026 का है, जब ग्राम आक्या निवासी भेरूलाल माली (26) एवं मांगीबाई माली ने दलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादियों ने बताया कि अज्ञात चोर उनके खेत/मकान से लगभग 5 क्विंटल लहसुन चोरी कर ले गए हैं।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 60/2026 दर्ज कर जांच प्रारंभ की। थाना प्रभारी शुभम व्यास द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए मुल्तानपुरा क्षेत्र की मुल्तानी गैंग की संलिप्तता उजागर की।
पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नियाजु टेनी पिता मुख्तियार टेनी, फिरोज पिता जाकीर पटेल, सादिक पिता फारुक बटला एवं शोहेल पिता साजिद मगुडा, सभी निवासी मुल्तानपुरा, थाना वायडीनगर, जिला मंदसौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण 5 क्विंटल लहसुन जब्त कर लिया है। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।