सिंगोली। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सरसों की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना सिंगोली की पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 78.920 किलोग्राम अवैध अफीम के हरे पौधे बरामद किए गए।

थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर ग्राम अथवा बुजुर्ग में दबिश दी गई, जहां आरोपी रतनलाल पिता कन्हैयालाल, जाति बलाई, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम अथवा बुजुर्ग, थाना सिंगोली, जिला नीमच के खेत में सरसों की फसल की आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी।

मौके पर विधिवत तौल करने पर 78.920 किलोग्राम अफीम के हरे गीले पौधे पाए गए, जिन्हें जब्त किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

जप्त मशरूका-
अफीम के हरे गीले पौधे – कुल वजन 78.920 किलोग्राम
अनुमानित कीमत – 7,90,000

गिरफ्तार आरोपी-
रतनलाल पिता कन्हैयालाल, उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम अथवा बुजुर्ग, थाना सिंगोली, जिला नीमच (म.प्र.)

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिंगोली पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसकी पुलिस विभाग द्वारा सराहना की जा रही है।
