चित्तौड़गढ़। जिले के थाना राशमी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध दो अलग-अलग प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना और सतर्क निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 3644 अवैध अफीम के पौधे (कुल वजन लगभग 540 किलो 500 ग्राम) तथा 23 अवैध गांजा के पौधे (कुल वजन लगभग 62 किलो 980 ग्राम) जब्त किए हैं। इस दौरान अवैध खेती में संलिप्त काका–भतीजा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राशमी रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के गांव सुकड़ी में मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग खेतों में दबिश दी।

तलाशी के दौरान कपास व सरसों की फसल के बीच अवैध रूप से की जा रही अफीम व गांजा की खेती का खुलासा हुआ। पप्पूलाल जाट के खेत से 3531 अफीम के पौधे (वजन 516 किलो 730 ग्राम) और 23 गांजा के पौधे (वजन 62 किलो 980 ग्राम) जब्त किए गए। वहीं ठाकरलाल जाट के खेत से 113 अफीम के पौधे (वजन 23 किलो 850 ग्राम) बरामद किए गए।

दोनों मामलों में खेत मालिक 35 वर्षीय पप्पूलाल पुत्र भैरूलाल जाट एवं 52 वर्षीय ठाकरलाल पुत्र कालूलाल जाट, निवासी सुकड़ी, थाना राशमी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त पौधों को विधिवत जब्ती प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
टीम–01: थानाधिकारी रतन सिंह (पु.नि.), एएसआई देवी लाल, कांस्टेबल रमेश विश्नोई, चतरदान, गोपीराम, विनोद कुमार, दीपक कुमार एवं सुमित्रा।
टीम–02: थानाधिकारी साडास आजाद पटेल (उ.नि.), कांस्टेबल नानूलाल, सुरेश एवं सुमित कुमार।
