चित्तौड़गढ़। पारसोली थाना पुलिस और जिला एसटीएफ (डीएसटी) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वेन्यू कार से लगभग 180 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में से रामधन गुर्जर, जो कि बेंगू थाना में मादक पदार्थ तस्करी का वांछित था, भी शामिल है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह एवं डीएसपी अंजलि सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी पारसोली शिवराज राव के नेतृत्व में टीम ने रात्री को बिछोर से मक्खनगंज रोड सरहद, मक्खनगंज में आकस्मिक नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान बिछोर की ओर से आती तेज रफ्तार कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार के टायर को स्टॉप स्टिक से पंचर कर पीछा किया। कार में सवार दोनों तस्कर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। कार की तलाशी लेने पर पाया गया कि कार के पीछे की सीट और डिक्की में कुल 10 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में 179.420 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा रखा हुआ था।

गिरफ्तार आरोपी-
- रामधन पुत्र रामदेव गुर्जर, निवासी श्रीनगर, थाना फूलिया कला, जिला भीलवाड़ा।
- हरिओम पुत्र नंदलाल शर्मा ब्राह्मण, निवासी हिंगोणिया, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा।

पुलिस ने उक्त कार और अवैध मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। उल्लेखनीय है कि डीएसटी द्वारा पिछले तीन दिनों में यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के संबंध में किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस/डीएसटी के साथ साझा करें।
