सरवानियां महाराज। पुलिस चौकी सरवानियां महाराज में आयोजित शांति समिति की बैठक में तहसीलदार कमलेश डुडवे ने समिति सदस्यों से संवाद कर उनके अभाव-अभियोग सुने और आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं आपसी तालमेल के साथ मनाने की अपील की।
होली-रमज़ान को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश-
बैठक में आगामी होली एवं रमज़ान पर्व के साथ-साथ धुलेंडी, रंग पंचमी एवं रंग तेरस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। तहसीलदार जावद कमलेश डुडवे ने त्योहारों के दौरान आपसी संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी, राजस्व निरीक्षक नगर परिषद सुरजमल सालवी, पटवारी हल्का तुलसीराम खुराड़िया एवं विद्युत वितरण कंपनी के जेई को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों से रहें सतर्क-
तहसीलदार डुडवे ने कहा कि वर्तमान में बच्चा चोर गिरोह को लेकर अफवाहें फैली हुई हैं, लेकिन बिना पुष्टि किसी को पकड़ना या कानून अपने हाथ में लेना गलत है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं फायर फाइटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अफवाहों से बिगड़ती है सामाजिक समरसता-
तहसीलदार ने कहा कि त्योहारों के समय अफवाहें तेजी से फैलती हैं, जिससे सामाजिक समरसता एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होती है। आम नागरिकों को चाहिए कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और समय रहते पुलिस व प्रशासन को सूचित करें।
फ्लैग मार्च से दिया शांति का संदेश-
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व जिला पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया था।
इनकी रही उपस्थिति-
शांति समिति की बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर अध्यक्ष हेमंत पुरोहित, मंडल उपाध्यक्ष भूपेश देवड़ा, आम आदमी पार्टी विधानसभा प्रभारी डॉ. राजू पाल, कैलाश सुथार, भंवरसिंह चुण्डावत, दिनेश शर्मा, सुरेश राठौर, कांग्रेस पार्षद विक्रम धनगर, भाजपा पार्षद प्रतिनिधि अनिल राठौर, घनश्याम पाल, बबलू मंसूरी, दशरथ पाटीदार, विष्णु राठौर, हरिश सालवी, दिनेश पाटीदार, जगदीश सालवी (चौकीदार), सोहब अख्तर शाह, पत्रकार बबलू माली सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।